Thursday, October 13, 2011

Webinfosys's Hindi News : तीन युवकों ने प्रशांत भूषण पर किया हमला


नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट के वकील व टीम अन्ना के सदस्य प्रशांत भूषण पर बुधवार को तीन युवकों ने उनके चैंबर में घुसकर हमला किया। बचाने आए उनके सहयोगी के साथ भी मारपीट की गई। हमलावरों ने बाद में पर्चे भी फेंके और कहा कि कुछ दिनों पहले कश्मीर पर दिए गए बयान के विरोध में यह हमला किया गया है। हमलावरों में से एक इंदर वर्मा को मौके पर ही पकड़ लिया गया है, जो खुद को श्रीराम सेना की दिल्ली इकाई का अध्यक्ष बता रहा है।

शाम साढ़े चार बजे

1. प्रशांत भूषण अपने चैंबर में एक टीवी चैनल को इंटरव्यू दे रहे थे। 2.तभी तीन युवक पहुंचे। कहा-हमारा अप्वाइंटमेंट है। प्रशांतजी से मिलना है। 3.प्रशांत भूषण इंटरव्यू देने में व्यस्त थे, तभी युवकों ने उन पर हमला कर दिया। 4.थप्पड़, लात और घूंसे बरसाने शुरू कर दिए। बाद में कुर्सी से नीचे गिरा दिया। 5.शोर शराबा सुनकर लोग पहुंचे। तीन में से दो हमलावर फरार। एक पकड़ा गया।

क्या कहा था प्रशांत भूषण ने

26 सितंबर को वाराणसी में भूषण ने कहा था कि सेना के दम पर कश्मीरियों को बहुत दिनों तक दबाव में नहीं रखा जा सकता। कश्मीर का भविष्य तय करने के लिए जनमत संग्रह कराया जाना चाहिए।

शुक्रवार को रणनीति तय करेगी टीम अन्ना

टीम अन्ना शुक्रवार को आगे की रणनीति तय करेगी। इस दिन कोर कमेटी की बैठक हो रही है, जिसमें प्रशांत पर हमले, दिग्विजय की चिट्ठी और लोकपाल पर सरकार की तैयारियों पर चर्चा हो सकती है।

सरकार ने क्या मूर्ख समझ रखा है : किरण बेदी

लोकपाल को संवैधानिक निकाय का दर्जा देने संबंधी सरकार की कोशिशों पर टीम अन्ना ने संदेह जताया है। किरण बेदी ने ट्विटर पर लिखा कि विधेयक में देरी के लिए मूर्ख बनाने का तरीका है।

अन्ना को रामदेव और आरएसएस का भी समर्थन: दिग्विजय

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने बुधवार को सिविल सोसायटी और बाबा रामदेव को संघ के समर्थन की बात दोहराई सबूत के तौर पर उन्होंने संघ के सरकार्यवाह सुरेश (भय्या) जोशी की अन्ना को लिखी चिट्ठी भी पेश की।

अरुंधति और अग्निवेश समेत छह लोग निशाने पर

भगत सिंह क्रांति सेना के निशाने पर छह और लोग हैं। इनमें अरुंधति राय, स्वामी अग्निवेश के अलावा कश्मीरी अलगाववादी नेता सैयद अली शाह गिलानी, मीरवाइज उमर फारूक और यासीन मालिक शामिल हैं। दैनिक भास्कर डॉटकॉम से बातचीत में हमलावरों में से एक तेजिंदर ने कहा कि भगत सिंह क्रांति सेना एक साल पहले ही बनाई गई थी। इससे पहले वह भाजपा में ही शामिल था।

आपको देश संभालना है, ऐसा काम न करें : अन्ना

अन्ना ने कहा ये कोई रास्ता नहीं कि कानून हाथ में लेकर मार-पिटाई की जाए। अगर हमारी बात पसंद नहीं है तो चर्चा करें। युवा ऐसा काम कर रहे हैं। युवाओं से हमें बहुत उम्मीद है। हमें तो लगता है कि ये देश को संभालेंगे। प्रशांत भूषण को कुछ दिन के लिए सुरक्षा दी जानी चाहिए।

तुम कश्मीर तोड़ोगे हम सिर तोड़ देंगे

इन युवकों ने हमले के बाद पर्चे बांटे। इसमें लिखा था-कश्मीर हमारा था, हमारा है और हमारा रहेगा। तुम कश्मीर तोड़ोगे तो हम तुम्हारा सिर तोड़ देंगे। वंदे मातरम्।

ये कांग्रेस का काम : भाजपा

प्रकाश जावड़ेकर ने कहा कि कांग्रेस की कुचक्र मंडली ही ऐसा काम करवा सकती है।

इसकी जांच हो : कांग्रेस

अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि हमलावर भाजयुमो से जुड़े हैं। इसलिए जांच होनी चाहिए।


To know More about Website and Web bace software development CLICK HERE

Back To Index Page

No comments: