Thursday, October 13, 2011

Webinfosys's Hindi News : हिसार उपचुनाव: कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू

हिसार लोकसभा सीट पर उपचुनाव के लिए सुबह कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया. इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला है. इस सीट पर गांधीवादी अन्ना हजारे की कांग्रेस के पक्ष में मतदान न करने की अपील का असर साफ नजर आ रहा है और सत्तारूढ़ कांग्रेस के भविष्य को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं.
सुबह आठ बजे शुरू हुआ मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा. चुनाव में 40 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं. हिसार सीट पर कांग्रेस ने तीन बार सांसद रह चुके जय प्रकाश को टिकट दिया है. उनके खिलाफ दिवंगत मुख्यमंत्री भजनलाल के पुत्र और हरियाणा जनहित कांग्रेस के कुलदीप बिश्नोई और मुख्य विपक्षी दल इनेलोद के अजय सिंह चौटाला ताल ठोंक रहे हैं. चौटाला डबवाली सीट से विधायक हैं और इनेलोद अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला के पुत्र हैं.

चुनाव मैदान में मौजूद 40 प्रत्याशियों में से ज्यादातर निर्दलीय हैं. इस सीट पर मतदाताओं की कुल संख्या 13.32 लाख है जिनमें से 7.29 लाख पुरूष हैं. हिसार में सभी मतदान केंद्रों में पहली बार वीडियोग्राफी की जा रही है. मतदान केंद्रों से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को कड़ी सुरक्षा के बीच ‘स्ट्रांग रूम’ ले जाया जाएगा.
हरियाणा की मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुमिता मिश्रा ने कहा, ‘स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. सभी 1506 मतदान केंद्रों में पुलिस बल के साथ साथ केंद्रीय बलों की 40 कंपनियां तैनात की गई हैं जिनमें 4000 जवान हैं. 1506 मतदान केंद्रों में से 339 को अत्यंत संवेदनशील और 387 को संवेदनशील घोषित किया गया है.
हिसार सीट पर चुनाव प्रचार मंगलवार की शाम थमा. प्रचार में, भ्रष्टाचार विरोधी अभियान चला रहे अन्ना पक्ष और कांग्रेस के बीच द्वन्द्व हावी रहा. वर्ष 2009 में हुए संसदीय चुनाव में कांग्रेस ने हरियाणा में हिसार को छोड़ कर 10 में से 9 लोकसभा सीटें जीती थीं.
हिसार सीट पर भजनलाल की पार्टी हरियाणा जनहित कांग्रेस ने बाजी मारी थी. भजनलाल के निधन के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है. इस सीट पर 4.6 लाख जाट मतदाता, 80,000 ब्राह्मण, 36,000 बिश्नोई, 65,000 पंजाबी मतदाता हैं और अनुसूचित जाति एवं जनजाति के मतदाताओं की संख्या पांच लाख से अधिक है.


To know More about Website and Web bace software development CLICK HERE

Back To Index Page

No comments: