भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्ज़ा ऑस्ट्रेलिया की केसी डेलाकुआ को तीन सेटों के संघर्ष में हराकर जापान ओपन के क्वार्टर फ़ाइनल में पहुँच गई हैं.
कलाई की चोट से उबरने के बाद टेनिस कोर्ट पर वापसी कर रही सानिया ने ऑस्ट्रेलियाई प्रतिद्वंद्वी को 6-4, 3-6, 6-4 से परास्त किया.
20 वर्षीय हैदराबादी बाला ने डेलाकुआ के ख़िलाफ़ अच्छी शुरुआत की और पहला सेट 6-4 से आसानी से जीत लिया, लेकिन दूसरे सेट में वह अपनी लय कायम नहीं रख पाईं और 3-6 से सेट गँवा बैठीं.
संघर्ष
तीसरे और निर्णायक सेट में दुनिया की 29वें नंबर की खिलाड़ी सानिया को 84वें नंबर की डेलाकुआ से जूझने के लिए एड़ी-चोटी का ज़ोर लगाना पड़ा डेलाकुआ अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए सेट 4-4 की बराबरी पर ले आई थी, लेकिन 10वें गेम में वह अपना धैर्य खो बैठीं और सानिया ने मौका लपकते हुए स्कोर अपने पक्ष में 5-4 कर दिया.
इसके बाद अपने अनुभव का लाभ उठाते हुए सानिया ने अपनी सर्विस पर गेम जीत अंतिम आठ में जगह पक्की कर ली.
मैच जीतने के बाद सानिया ने कहा, "मामला कुल मिलाकर ज़रूरत के समय अंक जुटाने का था. डेलाकुआ नाजुक मौकों पर ऐसा नहीं कर सकीं और मैं ऐसा करने में सफल रही."
उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि निर्णायक सेट में मेरा खेल पहले दो सेटों से बेहतर रहा."
Wednesday, October 3, 2007
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
No comments:
Post a Comment