अर्जेंटीना की प्रथम महिला क्रिस्टीना फर्नाडेंज़ डि किर्सनर ने राष्ट्रपति चुनावों में जीत का दावा किया है. क्रिस्टीना निवर्तमान राष्ट्रपति नेस्टर किर्सनर की पत्नी है और अब वो देश की पहली महिला राष्ट्रपति भी होंगी.
प्रारंभविक चुनाव परिणामों में बीस प्रतिशत वोटों की गिनती के बाद क्रिस्टीना को 40 प्रतिशत वोट मिले हैं जो उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी से बहुत अधिक है जिसे देखते हुए उनकी जीत निश्चित मानी जा रही है.
पूरी मतगणना के बाद अगर क्रिस्टीना को 40 प्रतिशत मत मिलते हैं और उन्हें विजयी घोषित किया जाएगा और दूसरे दौर का मतदान नहीं होगा.
चुनाव से पहले और मतदान बाद के सर्वेक्षणों में भी उनकी जीत निश्चित मानी जा रही थी. अगर पूरी मतगणना के बाद क्रिस्टीना का चुनाव होता है तो वो दुनिया में शायद ऐसा पहली बार होगा कि किसी तत्कालीन राष्ट्रपति की पत्नी राष्ट्रपति बनी हों.
क्रिस्टीना ने कहा है कि वो अपने पति की नीतियों का समर्थन करती हैं और मूल रुप से कोई बड़ा फेरबदल नहीं करेंगी.
उनके पति नेस्टर किर्सनर छह साल पहले जब राष्ट्रपति बने थे तो अर्जेंटीना आर्थिक संकट से गुज़र रहा था लेकिन किर्सनर के प्रयासों से अब देश की आर्थिक स्थिति पहले से काफ़ी बेहतर हो गई है.
2001 में देश के आर्थिक संकट का ज़िक्र करते हुए क्रिस्टीना का कहना था ' हम देश को बेहतर स्थिति में ला पाए हैं. ग़रीबी और बेरोज़गारी दूर हुई है और वो सभी संकट कम हुए हैं जिसने एक समय में अर्जेंटीना को अपनी गिरफ्त में ले लिया था. '
चुनाव के दौरान अर्थव्यवस्था और बढ़ता हुआ अपराध दो प्रमुख मुद्दे थे.
ब्यूनोस आयरिस में बीबीसी संवाददाता डैनियल स्वेलमर का कहना है कि 2001 में आर्थिक संकट के बाद राष्ट्रपति किर्सनर ने अपने कार्यकाल के दौरान देश को स्थायित्व दिया लेकिन अभी भी अर्थव्यवस्था की मज़बूती को लेकर जानकार शंकित रहते हैं.
चुनाव में क्रिस्टीना के अलावा 12 और उम्मीदवार थे.
No comments:
Post a Comment